Amanatullah Khan Case: गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट पहुंचे अमानतुल्लाह खान, अग्रिम जमानत याचिका दायर

दिल्ली। जामिया नगर में 2018 में पुलिस की जांच में बाधा डालने और धमकाने के आरोप में फंसे ओखला विधायक अमानतुल्लाह खान की मुश्किले कम होने का नाम नहीं ले रही है। दिल्ली पुलिस की एफआईआर के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए ओखला विधायक ने दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है।
उन्होंने नई एफआईआर के मामले में जमानत की मांग की है। कोर्ट आज इस याचिका पर सुनवाई कर सकता है। अमानतुल्लाह खान ने बुधवार को दिल्ली पुलिस को ई-मेल के जरिए जानकारी दी थी कि वह फरार नहीं हैं और अपने विधानसभा क्षेत्र में ही मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस ई-मेल या चिट्ठी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
पुलिस ने दी थी दो नोटिस
पुलिस ने विधायक को जांच में शामिल होने के लिए दो नोटिस दिए थे, लेकिन वे अब तक पुलिस के सामने नहीं आए हैं। पुलिस की स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच की टीमें अमानतुल्लाह खान की तलाश में छापेमारी कर रही हैं, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को क्राइम ब्रांच की टीम जामिया नगर में 2018 के हत्या के प्रयास के आरोपी शाहबाज को गिरफ्तार करने आई थी। इस दौरान अमानतुल्लाह खान अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और पुलिस टीम को धमकाया। आरोप है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की कर शाहबाज को छुड़ा लिया। पुलिस ने अमानतुल्लाह और उनके समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।





