एनएसएस कैंप में जबरन नमाज़ पढ़वाने का आरोप, छात्रों की शिकायत पर जांच शुरू

बिलासपुर। गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (GGU) में आयोजित एनएसएस कैंप को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। हिंदू छात्रों ने आरोप लगाया है कि 30 मार्च को ईद-उल-फितर के दिन कैंप में जबरन नमाज़ पढ़ने के लिए कहा गया। यह मामला कोनी थाना क्षेत्र का है, जहां कई छात्रों ने लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
छात्रों का कहना है कि 26 मार्च से 1 अप्रैल के बीच शिवतराई क्षेत्र में एनएसएस कैंप आयोजित किया गया था, जिसमें 159 छात्र शामिल हुए थे। इनमें केवल 4 मुस्लिम छात्र थे। लेकिन 30 मार्च को कैंप समन्वयक और प्रोग्राम ऑफिसर ने सभी छात्रों को नमाज़ में शामिल होने के निर्देश दिए। जब कुछ छात्रों ने इसका विरोध किया, तो उन्हें नजरअंदाज करते हुए जबरदस्ती नमाज़ पढ़वाई गई।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन ने भी इसे गंभीर मानते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति (फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी) बनाई है।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि समिति की रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि किसी भी छात्र की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने की स्थिति में कड़ा रुख अपनाया जाएगा।





