छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, बारिश-ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 मार्च को कई इलाकों में तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका है। इसके साथ ही अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

पिछले 24 घंटे में कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई है। देवभोग में 50 मिमी, करपावंड में 40 मिमी और देवकर में 2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने कुछ स्थानों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश और ओले गिरने की संभावना है। राजधानी में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने के आसार हैं।

मौसम में बदलाव के पीछे दो प्रमुख सिस्टम सक्रिय हैं। मध्य भारत के ऊपर एक चक्रवाती घेरा बना हुआ है, जिससे नमी ऊपर उठकर बादल बन रही है। इसके साथ ही दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से उत्तर छत्तीसगढ़ तक एक ट्रफ लाइन फैली हुई है, जो समुद्र से नमी खींचकर प्रदेश तक ला रही है। इन दोनों के प्रभाव से अचानक मौसम खराब हो रहा है और बारिश के साथ ओलावृष्टि हो रही है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जब नमी तेजी से ऊपर जाती है तो ऊंचाई पर तापमान शून्य से नीचे होने के कारण पानी की बूंदें बर्फ में बदल जाती हैं और ओलों के रूप में जमीन पर गिरती हैं।

अगले 48 घंटों तक मौसम इसी तरह बना रह सकता है। 20 मार्च तक गरज-चमक, आंधी और तेज हवाओं का असर रहेगा, जबकि 21 और 22 मार्च को मौसम सामान्य रहने की संभावना है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई