अजय चंद्राकर का वीडियो वायरल: कांग्रेस बोली भाजपा में अंतर्कलह; चंद्राकर का पलटवार, कांग्रेस संगठन की भावना नहीं समझेगी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर विवाद गरमा गया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और कुरूद से विधायक अजय चंद्राकर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे कांग्रेस ने साझा करते हुए भाजपा में “अंतर्कलह” करार दिया है।
वीडियो में अजय चंद्राकर भाजपा सदस्यता सम्मान कार्यक्रम के मंच पर मोमेंटो और गमछा लौटाते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस ने इस वीडियो को लेकर कहा कि पूर्व मंत्री का व्यवहार भाजपा में अंदरूनी मतभेद का संकेत है। पार्टी के संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने दावा किया कि चंद्राकर ने कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष किरण देव को जबरन गमछा थमाया और बिना कुछ कहे मंच से उतर गए।
वहीं, अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस संगठनात्मक भावना नहीं समझ सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वह इस तरह की छोटी घटनाओं को तूल दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है, जिसे बार-बार अपने ही मुद्दों पर सुप्रीम कोर्ट से फटकार मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव, संगठन मंत्री अजय जामवाल और प्रदेश अध्यक्ष किरण देव मौजूद थे। चंद्राकर मंच पर सम्मान के दौरान जामवाल को गमछा पहनाना चाहते थे, लेकिन उनके पीछे हटने के बाद उन्होंने किरण देव को गमछा पकड़ा दिया और मंच से उतर गए। कांग्रेस का कहना है कि यह मुद्दा खुद चंद्राकर ने दिया है, और यदि कांग्रेस गलत है, तो वह पूरी रिकॉर्डिंग सामने लाएं।





