26 जनवरी तक एयर इंडिया की रायपुर-दिल्ली उड़ानें रद्द

रायपुर। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर दिल्ली में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू होने के कारण हवाई सेवाओं पर असर पड़ा है। एयर इंडिया ने राजधानी दिल्ली से संचालित कुछ उड़ानों को 26 जनवरी तक रद्द कर दिया है। इसमें दिल्ली-रायपुर-दिल्ली सेक्टर की सुबह संचालित नियमित उड़ान भी शामिल है।
एयर इंडिया की ओर से जारी सूचना के अनुसार, यह फ्लाइट 26 जनवरी तक संचालित नहीं होगी। सुरक्षा कारणों से दिल्ली एयरस्पेस में अतिरिक्त प्रतिबंध लगाए गए हैं, जिसके चलते उड़ानों के संचालन में यह अस्थायी बदलाव किया गया। इसका सीधा असर रायपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों पर पड़ा है, विशेषकर उन लोगों पर जिन्होंने पहले से टिकट बुक कर रखी थी।
बुकिंग-उड़ान की स्थिति की पुष्टि कर लें
एयरलाइन और एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे फ्लाइट से पहले अपनी बुकिंग और उड़ान की स्थिति की पुष्टि कर लें। इससे अनावश्यक असुविधा और समय की बर्बादी से बचा जा सकेगा। अधिकारीयों का कहना है कि सुरक्षा के मद्देनजर यह कदम अनिवार्य है और गणतंत्र दिवस के बाद उड़ान संचालन सामान्य हो जाएगा।





