वेस्ट एशिया तनाव के बीच Air India का बड़ा फैसला, 9 रूट्स पर 78 अतिरिक्त उड़ानें

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और यात्रा की बढ़ती मांग को देखते हुए Air India ने 10 मार्च से 9 अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर 78 अतिरिक्त उड़ानें चलाने की घोषणा की है। इससे यात्रियों के लिए करीब 17,660 अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी और उन्हें यात्रा के अधिक विकल्प मिल सकेंगे।
Air India ने अपने बयान में कहा कि पश्चिम एशिया में मौजूदा हालात के कारण विश्वसनीय यात्रा विकल्पों की मांग बढ़ गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त क्षमता उपलब्ध कराई जा सके।
कंपनी के अनुसार 10 से 18 मार्च 2026 के बीच इन अतिरिक्त उड़ानों का संचालन किया जाएगा। यूरोप के रूट्स पर अतिरिक्त उड़ानें B787-8 विमान से संचालित होंगी, जबकि माले और कोलंबो के लिए A320neo विमान का उपयोग किया जाएगा। वहीं न्यूयॉर्क (JFK) के लिए उड़ानें आवश्यक नियामकीय स्वीकृति के बाद B777-300ER विमान से संचालित की जाएंगी।
इन मार्गों पर चलाई जाएंगी अतिरिक्त उड़ानें
- दिल्ली – न्यूयॉर्क (JFK)
- दिल्ली – लंदन (हीथ्रो)
- मुंबई – लंदन (हीथ्रो)
- दिल्ली – फ्रैंकफर्ट
- दिल्ली – पेरिस (CDG)
- दिल्ली – एम्स्टर्डम
- दिल्ली – ज्यूरिख
- दिल्ली – माले (मालदीव)
- दिल्ली – कोलंबो (श्रीलंका)
कई देशों का एयरस्पेस अभी भी बंद
6 मार्च को एअर इंडिया और Air India एक्सप्रेस ने सऊदी अरब और ओमान के ऊपर एयरस्पेस फिर से खुलने के बाद जेद्दा और मस्कट के लिए उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू करने की घोषणा की थी। हालांकि पश्चिम एशिया के कई अन्य देशों में एयरस्पेस बंद होने के कारण Air India समूह की कुछ उड़ान सेवाएं 10 मार्च 2026 तक अस्थायी रूप से निलंबित रखी गई हैं।
Air India के चीफ कमर्शियल ऑफिसर निपुण अग्रवाल ने कहा कि मौजूदा चुनौतियों के बावजूद कंपनी यूरोप और उत्तरी अमेरिका के लिए अपनी नियमित सेवाएं जारी रखे हुए है और सुरक्षित वैकल्पिक मार्गों के जरिए अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी बनाए रखने की कोशिश कर रही है।





