एयर इंडिया क्रू मेंबर अमेरिका से कर रहा था सोने की तस्करी, मुंबई एयरपोर्ट पर गिरफ्तार

मुंबई। मुंबई एयरपोर्ट पर 13 जून को डीआरआई (राजस्व खुफिया निदेशालय) ने एयर इंडिया के एक क्रू मेंबर को अमेरिका से सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया।
आरोपी न्यूयॉर्क से आने वाली फ्लाइट AI-116 से मुंबई पहुंचा था। शुरू में जांच में कुछ नहीं मिला, लेकिन सख्त पूछताछ के बाद उसने खुलासा किया कि उसने सोने की सिल्लियां काली टेप में लपेटकर एयरपोर्ट के बैगेज सर्विस एरिया में छिपा दी थीं। यह कार्रवाई उस वक्त की गई जब उसका ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट चल रहा था। डीआरआई अधिकारियों ने बताए गए स्थान की तलाशी ली और वहां से एक पाउच बरामद किया जिसमें 1,373 ग्राम विदेशी सोना मिला। इसकी कीमत करीब 1.42 करोड़ रुपये है। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी कई बार तस्करी कर चुका है।
जांच के दौरान तस्करी रैकेट के मास्टरमाइंड को भी पकड़ा गया, जिसने एयरलाइन स्टाफ की मदद से सोने की तस्करी करवाई थी। पूछताछ में उसने कबूला कि वह कई बार स्टाफ को इस अवैध कार्य में शामिल कर चुका है। दोनों आरोपियों को कस्टम्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। फिलहाल डीआरआई की जांच जारी है और नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है। दिसंबर 2024 में चेन्नई एयरपोर्ट पर एक केबिन क्रू सदस्य को और मई 2024 में केरल के कन्नूर एयरपोर्ट पर एक एयर होस्टेस को भी सोने की तस्करी के आरोप में पकड़ा गया था। ये घटनाएं एयरलाइन स्टाफ की संलिप्तता पर सवाल उठा रही हैं।





