दिवाली से पहले रेलवे कर्मचारियों को सरकार का तोहफा, 10.90 लाख कर्मचारियों को 1,866 करोड़ का बोनस मंजूर

दिवाली से पहले रेलवे कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की घोषणा हुई है। केंद्र सरकार ने 1,866 करोड़ रुपये के प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय से देशभर के करीब 10.90 लाख रेलवे कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। कैबिनेट की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर लिए गए इस फैसले के तहत कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर बोनस मिलेगा। प्रति कर्मचारी अधिकतम बोनस की सीमा ₹17,951 तय की गई है। बोनस का लाभ ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर, स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, हेल्पर, पॉइंट्समैन, मिनिस्ट्रियल स्टाफ और अन्य ग्रुप C और D के कर्मचारी उठा सकेंगे।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि यह बोनस कर्मचारियों की मेहनत और उत्पादकता के आधार पर दिया जा रहा है, जिससे त्योहारों से पहले उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। खुदरा बाजार में भी इस फैसले से उत्साह बढ़ेगा क्योंकि त्योहारी सीजन में बिक्री में बढ़ोतरी की उम्मीद है।
हालांकि यूनियनें इस फैसले को अधूरा मान रही हैं। भारतीय रेलवे कर्मचारी महासंघ (IREF) और अखिल भारतीय रेलवे कर्मचारी संघ (AIRF) ने बोनस की गणना पुराने न्यूनतम वेतन ₹7,000 के आधार पर किए जाने पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि सातवें वेतन आयोग के अनुसार न्यूनतम वेतन ₹18,000 है और बोनस की गणना उसी आधार पर की जानी चाहिए। यूनियनें बोनस बढ़ाने के साथ-साथ आठवें वेतन आयोग की स्थापना के लिए गजट नोटिफिकेशन जारी करने की मांग भी कर रही हैं।




