अग्निवीर भर्ती रैली 2026: सफल अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी, जनवरी में धमतरी में होगा आयोजन

रायपुर/कोंडागांव। भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) में सफल हुए अभ्यर्थियों के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। इन उम्मीदवारों के लिए जनवरी 2026 में छत्तीसगढ़ में अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी सेना भर्ती कार्यालय, रायपुर ने दी है।
भारतीय सेना की ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा 30 जून से 10 जुलाई 2025 के बीच आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में पास हुए अभ्यर्थी ही आगे की भर्ती प्रक्रिया जैसे शारीरिक दक्षता परीक्षा, मेडिकल जांच और दस्तावेज सत्यापन में शामिल हो सकेंगे।
सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार, छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों के पुरुष उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली 10 जनवरी से 24 जनवरी 2026 तक धमतरी जिले के इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगी। इस रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क/स्टोर कीपर और ट्रेड्समैन (कक्षा 8वीं व 10वीं पास) पदों के लिए चयन किया जाएगा।
योग्य अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा, एडमिट कार्ड उम्मीदवारों की पंजीकृत ई-मेल आईडी पर भी भेजे गए हैं।
भर्ती रैली में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, सभी जरूरी शैक्षणिक व अन्य दस्तावेज और आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना अनिवार्य होगा। दस्तावेज पूरे न होने पर भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
भर्ती से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, नया रायपुर से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 0771-2965212 और 0771-2965214 जारी किए गए हैं।
सेना भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता के आधार पर होती है। साथ ही अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे किसी भी दलाल या एजेंट के झांसे में न आएं और किसी भी तरह की धोखाधड़ी से सावधान रहें।





