Railway News: सीबीआई की छापेमारी के बाद थमा बिलासपुर स्टेशन के विकास का पहिया

Railway News: बिलासपुर। जोनल रेलवे स्टेशन के स्टेशन डेवलपमेंट प्रोजेक्ट को लेकर बड़ी असमंजस की स्थिति सामने आई है। सांसदों द्वारा समीक्षा बैठक में जब अधिकारियों से विकास कार्यों की प्रगति के बारे में जानकारी मांगी गई, तो जवाब मिला कि कार्य सुचारू रूप से चल रहे हैं। लेकिन जब ग्राउंड रियलिटी देखी गई, तो स्टेशन परिसर में न तो कोई मजदूर नजर आया और न ही कोई गतिविधि।
करीब डेढ़ साल पहले बिलासपुर स्टेशन को एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस करने के लिए 492 करोड़ रुपये की लागत से प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई थी, जो अब घटकर 392 करोड़ रुपये रह गई है। ठेका झांझरिया निर्माण कंपनी को दिया गया था, जिसने शुरुआत में कुछ कार्यों की पहल भी की — जैसे गेट नंबर चार के एफओबी रैंप को तोड़ना, टिकट काउंटर का स्थानांतरण, और पार्किंग क्षेत्र को हटाने का काम। लेकिन हाल ही में झांझरिया कंपनी के एमडी और एक कर्मचारी के खिलाफ रिश्वत के मामले में सीबीआई द्वारा की गई कार्रवाई ने पूरे प्रोजेक्ट को अधर में लटका दिया है।
इस कार्रवाई के बाद से स्टेशन में विकास कार्य पूरी तरह से रुक गए हैं। वहीं, रेलवे अधिकारियों का दावा है कि काम बदस्तूर जारी है, जो ग्राउंड पर नजर नहीं आता। गेट नंबर तीन से लेकर जनआहार तक के इलाके को शेड लगाकर बंद कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को असुविधा हो रही है। स्टेशन डेवलपमेंट जैसे महत्वपूर्ण कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही की जरूरत है। सांसदों ने भी इस विषय पर चिंता जाहिर की है और अधिकारियों से ठोस जवाब मांगा है। अब देखना यह है कि रेलवे प्रशासन इस रुके हुए प्रोजेक्ट को दोबारा कैसे पटरी पर लाता है।





