शादी से इनकार के बाद युवक ने हाई टेंशन टावर पर चढ़कर किया हंगामा, तीन घंटे बाद सुरक्षित उतारा गया

ग्रेटर नोएडा में शादी से मना किए जाने से आहत एक युवक ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। युवक 50 फीट ऊंचे हाई टेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जुट गई और पुलिस-प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।
मामला दादरी क्षेत्र के जारचा मार्ग स्थित शाहपुर गांव के पास का है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक अचानक टावर पर चढ़ गया, जिसे देखकर आसपास के लोग घबरा गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं, लेकिन युवक काफी देर तक किसी की बात मानने को तैयार नहीं था।
पुलिस जांच में युवक की पहचान बुलंदशहर निवासी पंकज के रूप में हुई है, जो ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर क्षेत्र में एक होटल में काम करता है। उसका एक युवती से लंबे समय से संपर्क था और वह उससे शादी करना चाहता था। युवती और उसके परिजनों द्वारा शादी से इनकार किए जाने के बाद वह मानसिक तनाव में आ गया। इसी तनाव में वह युवती के इलाके में पहुंचा और पास लगे हाई टेंशन टावर पर चढ़ गया।
युवक करीब तीन घंटे तक टावर पर बैठा रहा, जिससे किसी अनहोनी की आशंका बनी रही। हालात को संभालने के लिए पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और युवक को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद युवती के पिता को भी मौके पर बुलाया गया। काफी बातचीत और समझाइश के बाद युवक नीचे उतरने के लिए राजी हुआ।
पुलिस और परिजनों की मदद से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया और उसे निगरानी में ले लिया गया। पुलिस का कहना है कि युवक की काउंसलिंग कराई जा रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।





