कांग्रेस छोड़ने की सलाह: विधायक पुरंदर मिश्रा बोले – बृहस्पत सिंह परेशान हैं तो बीजेपी में आ जाएं, हमारी पार्टी बड़ा दिल वाली है

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर सियासत तेज हो गई है। इसी बीच कांग्रेस से निष्कासित पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह ने पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके बयानों के बाद जिला कांग्रेस कमेटी ने थाने जाकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
इस पर रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “अगर बृहस्पत सिंह कांग्रेस में परेशान हैं, तो बीजेपी में आ जाएं। हमारी पार्टी विशाल हृदय वाली है। समुद्र में एक लोटा पानी आए या चला जाए, फर्क नहीं पड़ता।”
पुरंदर मिश्रा ने आगे कहा कि बृहस्पत सिंह पुराने आदिवासी नेता हैं और अपने मन की बात खुलकर बोलते हैं। कांग्रेस में हमेशा से आदिवासी नेताओं का अपमान होता रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि पहले अमरजीत भगत का माइक छीना गया था और अब बृहस्पत सिंह को अपशब्द कहे जा रहे हैं।
मिश्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आदिवासियों का अपमान कांग्रेस को भारी पड़ रहा है, इसी वजह से पार्टी का जनाधार लगातार घटता जा रहा है।





