रायपुर में विज्ञापन एजेंसियों की बैठक, होर्डिंग सेफ्टी और ऑनलाइन सिस्टम पर जोर

रायपुर नगर निगम में शहर की विज्ञापन एजेंसियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक महापौर मीनल चौबे और नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर नगर निगम मुख्यालय में हुई, जिसमें लगभग सभी प्रमुख विज्ञापन एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक के दौरान एजेंसियों को “ऑनलाइन होर्डिंग मैनेजमेंट सिस्टम” की जानकारी दी गई, ताकि शहर में लगाए गए विज्ञापन होर्डिंग का सही तरीके से रिकॉर्ड और निगरानी की जा सके। अधिकारियों ने एजेंसियों को निगम की बकाया राशि जल्द से जल्द जमा करने के निर्देश भी दिए।
नगर निगम के अधीक्षक विज्ञापन एवं कार्यपालन अभियंता पद्माकर श्रीवास ने सभी एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे होर्डिंग के सुरक्षा मानकों का हर हाल में पालन करें और नियमित रूप से उनकी जांच करते रहें।
बैठक में साल 2024 की नई उपविधियों के पालन पर भी विशेष चर्चा हुई। साथ ही समय-समय पर जारी किए गए नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा गया। इस बैठक में सहायक अभियंता नगर निवेश नीतीश झा भी उपस्थित रहे।
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर की सुंदरता और लोगों की सुरक्षा के लिए सभी नियमों का पालन जरूरी है, और इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





