सूरजपुर में अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, दर्जनों अवैध दुकानें और मकान हटाए गए

सूरजपुर। रविवार सुबह सूरजपुर शहर में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। सुभाष चौक से महगवां चौक तक सड़क के दोनों ओर बनी दर्जनों अवैध दुकानों और मकानों को हटाया गया।
इस कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम भारी संख्या में जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंची। नगर पालिका, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा के बीच अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया।
किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी। प्रशासन को अंदेशा था कि प्रभावित व्यापारी विरोध कर सकते हैं, इसलिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
यह कार्रवाई शहर की सड़कों को चौड़ा करने और पूरे इलाके को अतिक्रमण मुक्त बनाने के मकसद से की गई है। प्रशासन ने पहले ही लोगों को नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी, इसके बावजूद कुछ लोगों ने निर्माण हटाए नहीं थे, जिस पर अब सख्त कदम उठाया गया है।





