छत्तीसगढ़ में प्रशासन होगा और आसान: राजस्व मंत्री ने किया ई-गजट ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने मंत्रालय में ई-गजट ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ किया। इस मौके पर विभाग की सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले भी मौजूद रहीं।
इस नए पोर्टल के जरिए अब सभी सरकारी विभाग और जिला कलेक्टर अपने आदेश, अधिसूचनाएँ और अन्य जरूरी दस्तावेज सीधे ऑनलाइन सरकार के मुद्रणालय को भेज सकेंगे। मुद्रणालय इन्हें ई-गजट के रूप में प्रकाशित करेगा, जिससे पूरी प्रक्रिया डिजिटल और तेज हो जाएगी।
पहले विभागों को अपने दस्तावेज भौतिक रूप में भेजने होते थे, जिससे समय भी ज्यादा लगता था और संसाधन भी खर्च होते थे। लेकिन अब ई-गजट पोर्टल से यह पूरा काम ऑनलाइन हो जाएगा। इससे न सिर्फ समय बचेगा, बल्कि काम अधिक पारदर्शी और पेपरलेस भी होगा।
नए सिस्टम के लागू होने से अधिसूचनाएँ समय पर प्रकाशित होंगी और राजपत्र सभी नागरिकों के लिए ऑनलाइन आसानी से उपलब्ध रहेंगे। डिजिटल रिकॉर्ड मैनेजमेंट भी पहले से ज्यादा मजबूत होगा।
छत्तीसगढ़ सरकार की यह पहल प्रशासन को आधुनिक, तेज और अधिक कुशल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।





