सुपेला संडे मार्केट में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई, ट्रैफिक सुधार के लिए चला अभियान

दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने सुपेला संडे मार्केट में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। रविवार सुबह भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सड़क किनारे लगाए गए ठेले, गुमटियां और अस्थायी निर्माण हटाए गए। इस दौरान करीब 150 दुकानों के बाहर किए गए बेजा कब्जे को हटाया गया।
कार्रवाई के दौरान पेड़ के नीचे बने शिवलिंग चबूतरे को हटाए जाने पर कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति बनी। स्थानीय लोगों ने आस्था से जुड़ा मामला बताते हुए विरोध जताया, लेकिन पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और चबूतरा हटा दिया गया।
नगर निगम की टीम सुबह करीब 6 बजे मौके पर पहुंची थी। विरोध की आशंका को देखते हुए सुपेला, छावनी, खुर्सीपार, सेक्टर-6 कोतवाली और जामुल थाने की पुलिस टीमों को तैनात किया गया था। महिला पुलिस बल भी कार्रवाई में शामिल रहा।
अधिकारियों के अनुसार, संडे मार्केट में हर सप्ताह अस्थायी दुकानों और ठेलों के कारण सड़क पर भारी जाम की स्थिति बनती थी। दुकानदारों द्वारा डिवाइडर और सड़क तक कब्जा कर लिया गया था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। लगातार शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई।
कुछ प्रभावित लोगों ने बिना पूर्व सूचना के कार्रवाई का आरोप लगाया, जबकि प्रशासन का कहना है कि दुकानदारों को पहले ही अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी और बैठक के माध्यम से सहमति भी बनी थी।
वहीं, स्थानीय दुकानदारों के एक वर्ग ने कार्रवाई का समर्थन करते हुए इसे आवश्यक बताया। मानवता के नाते कुछ व्यापारियों ने कार्रवाई में जुटे पुलिस और निगम अमले के लिए नाश्ते की व्यवस्था भी की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा और अगले रविवार को फिर से कार्रवाई की जाएगी, ताकि स्थायी रूप से यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके।





