जमीन विवाद में शिक्षक की हत्या का आरोपी फांसी पर लटका मिला, मामले में नया मोड़

सक्ती जिले में दिव्यांग शिक्षक की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस जिस आरोपी की तलाश कर रही थी, वह अपने ही घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। प्रारंभिक आशंका है कि गिरफ्तारी के डर से आरोपी ने आत्महत्या की है। पुलिस अब हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।
घटना में 18 मार्च को जैजैपुर क्षेत्र के जर्वे गांव निवासी दिव्यांग शिक्षक देवानंद भारद्वाज की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि आरोपी टीमन लाल मनहर ने सिर पर कई वार कर हत्या की और सबूत मिटाने के लिए शव को जला दिया था। दोनों के बीच जमीन और पैसों को लेकर विवाद था।
जानकारी के अनुसार शिक्षक ने आरोपी से 7 लाख रुपए में जमीन खरीदने का सौदा किया था और रकम भी दे दी थी, लेकिन आरोपी ने न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसे लौटाए। जब शिक्षक ने पैसे वापस मांगे तो विवाद बढ़ गया और हत्या कर दी गई।
घटना के दिन दोनों के बीच पान दुकान के पास कहासुनी हुई थी। इसके बाद आरोपी ने सुनसान जगह पर कुल्हाड़ी से हमला कर गला काट दिया। हत्या के बाद शव को ट्राइसाइकिल समेत जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अब आरोपी की संदिग्ध आत्महत्या के बाद पुलिस पूरे मामले की कड़ी से कड़ी जोड़कर जांच कर रही है।





