इंस्टाग्राम दोस्ती के बाद दुष्कर्म और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला, आरोपी गिरफ्तार

इंस्टाग्राम के जरिए हुई दोस्ती एक युवती के लिए गंभीर संकट बन गई। युवक ने पहले सोशल मीडिया पर दोस्ती की, फिर प्यार का झांसा देकर युवती को सुनसान जगह पर ले जाकर दुष्कर्म किया और उसका वीडियो बना लिया। बाद में उसी वीडियो के जरिए वह युवती को ब्लैकमेल करता रहा। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पीड़ित युवती की शिकायत के अनुसार, करीब दो साल पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक से हुई थी। बातचीत बढ़ने के साथ युवक ने प्यार का इजहार किया और विश्वास जीत लिया। इसके बाद वह मिलने के बहाने युवती को घुमाने ले गया और सुनसान स्थान पर उसके साथ जबरदस्ती की। इस दौरान आरोपी ने अपने मोबाइल से वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया।
घटना के बाद आरोपी युवक वीडियो दिखाकर युवती पर बार-बार मिलने और शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। जब युवती ने शादी की बात कही तो आरोपी ने मारपीट शुरू कर दी और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। युवती के इनकार करने पर आरोपी ने वीडियो वायरल कर दिया।
आरोपी की हरकतों से परेशान होकर युवती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दुष्कर्म और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।





