मां दंतेश्वरी मंदिर चोरी कांड में 38 दिन बाद आरोपी गिरफ्तार, मंगलसूत्र और सोने का टुकड़ा बरामद

जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में 23 जनवरी 2026 को हुई चोरी के मामले में पुलिस ने 38 दिन बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र और सोने के हार का एक टुकड़ा बरामद किया गया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय मोनू यादव निवासी शांतिनगर फ्रेजरपुर, जगदलपुर के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता ग्राम मंगनार, थाना करपावंड, जिला बस्तर बताया गया है। उसे मारकेल नगरनार क्षेत्र से पकड़ा गया।
घटना में मंदिर से पीतल की मूर्ति, चांदी की चैन जिसमें सोने का लॉकेट लगा था, मंगलसूत्र और सोने का हार चोरी हुआ था। वारदात के बाद पुलिस ने नौ टीमों का गठन कर जांच शुरू की। मंदिर और शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
जांच में पता चला कि वारदात के बाद आरोपी कोसमी इलाके के आम बगीचे में छिपकर रह रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने चोरी की घटना स्वीकार की।
आरोपी ने बताया कि चोरी के बाद मूर्ति, चांदी की चैन और मंगलसूत्र जैकेट में रखे थे। सोने का हार मूर्ति से खींचने पर टूट गया था। रेलवे स्टेशन पहुंचने पर पुलिस को देखकर वह घबरा गया और मंगलसूत्र व हार का टुकड़ा स्टेशन के पास बरगद के पेड़ के नीचे पत्थर से ढंककर छिपा दिया। इसके बाद वह पीतल की मूर्ति और चांदी की चैन लेकर ट्रेन से ओडिशा की ओर निकल गया और भंसुली रेलवे ब्रिज के पास नदी में सामान फेंक दिया।
आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने बताए गए स्थान से मंगलसूत्र और हार का टुकड़ा बरामद कर लिया। नदी में फेंके गए सामान की तलाश एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।





