महादेवपुरा में 1 लाख वोटों की धांधली का आरोप, राहुल गांधी ने उठाए चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल

रायपुर। कांग्रेस पार्टी ने आरोप लगाया है कि महाराष्ट्र और कर्नाटक में हालिया चुनावों के दौरान मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि राहुल गांधी ने 7 अगस्त 2025 को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसके ठोस सबूत पेश किए।
राहुल गांधी के अनुसार, बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा क्षेत्र के महादेवपुरा विधानसभा सीट में 1,00,250 वोटों में हेरफेर हुई। इसमें डुप्लीकेट मतदाता, फर्जी पते, एक पते पर असामान्य संख्या में वोटर, अवैध फोटो और फॉर्म-6 का दुरुपयोग शामिल था। सिर्फ महादेवपुरा को हटाने पर कांग्रेस उम्मीदवार मंसूर अली खान 82,000 वोटों से जीत सकते थे, लेकिन कथित धांधली के कारण भाजपा के पी.सी. मोहन को 32,707 वोटों से जीत मिली।
कांग्रेस ने दावा किया कि 2024 के हरियाणा और महाराष्ट्र चुनावों में भी इसी तरह की गड़बड़ियां हुईं। महाराष्ट्र में 5 महीनों में 41 लाख नए मतदाता जोड़े गए, जिससे मतदाता संख्या वयस्क आबादी से भी ज्यादा हो गई। वहीं, मतदान के आखिरी घंटों में अचानक वोटिंग प्रतिशत बढ़ा।
राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग पारदर्शिता से बच रहा है, सीसीटीवी फुटेज 45 दिनों में नष्ट करने का आदेश दे रहा है और मशीन-पठनीय मतदाता सूची देने से इंकार कर रहा है। कांग्रेस की दो प्रमुख मांगें हैं — मतदाता डेटा मशीन-पठनीय रूप में सार्वजनिक किया जाए और चुनावी प्रक्रिया की सीसीटीवी फुटेज जारी की जाए।
दीपक बैज ने कहा, “विपक्ष ने अपना काम कर दिया है, अब चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि वह सच्चाई जनता के सामने रखे और लोकतंत्र में विश्वास बहाल करे।”





