हादसा: नशे में धुत ड्राइवर ने फुटपाथ पर चढ़ाई बस, 2 की मौत, 4 घायल

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ इलाके में सोमवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। शिवाजी चौक के पास एक बस अचानक अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ़ गई, जिससे वहां पैदल चल रहे 6 लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस वाकड़ पुल की ओर जा रही थी। तभी चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस फुटपाथ पर चढ़ गई। हादसा इतना भीषण था कि सड़क पर हर तरफ खून ही खून फैल गया और लोग चीखते-चिल्लाते नजर आए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि बस चालक नशे में था। वाकड़ के एसीपी सुनील कुराडे ने बताया कि चालक लगातार शराब पीने से इनकार कर रहा था, लेकिन मेडिकल जांच में यह स्पष्ट हो गया। गंभीर रूप से घायलों में एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे के बाद सड़क पर भारी जाम लग गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और बस मालिक की भी तलाश की जा रही है। परिवहन विभाग से भी संपर्क किया गया है। पुलिस का कहना है कि चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले की गहराई से जांच जारी है।





