एअर इंडिया क्रैश पर अमेरिकी रिपोर्ट को AAIB ने बताया गैर-जिम्मेदाराना

दिल्ली। अहमदाबाद में हाल ही में हुए एअर इंडिया फ्लाइट 171 के भीषण हादसे के बाद अमेरिकी अखबार में प्रकाशित रिपोर्ट को लेकर भारत की विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। रिपोर्ट में दावा किया गया कि हादसे से ठीक पहले सीनियर पायलट ने जानबूझकर इंजन का फ्यूल बंद कर दिया था, जिससे विमान क्रैश हो गया। इसके साथ ही यह भी कहा गया कि कॉकपिट में फर्स्ट ऑफिसर घबरा गया था और सीनियर पायलट ने जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया।
हालांकि AAIB ने इस रिपोर्ट को “टारगेटेड और गैर-जिम्मेदाराना” बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया है। संस्था ने कहा कि हादसे की जांच अभी जारी है और बिना पुष्टि के कोई भी निष्कर्ष निकालना न केवल असंवेदनशील है, बल्कि भ्रामक भी है। AAIB ने यह भी कहा कि कॉकपिट रिकॉर्डिंग की बातचीत को अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के नियमों के तहत सार्वजनिक नहीं किया जा सकता।
एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया कि अब तक की जांच में सिर्फ यह सामने आया है कि एक पायलट ने दूसरे से पूछा था कि क्या उसने फ्यूल स्विच बंद किया है, जिस पर उसने इनकार किया। इस सवाल-जवाब को सनसनीखेज बना देना गैर-जिम्मेदाराना है। AAIB ने अपील की कि मीडिया रिपोर्टिंग में संवेदनशीलता बरती जाए क्योंकि इससे पीड़ित यात्रियों और उनके परिजनों की भावनाएं आहत हो सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जांच का अंतिम निष्कर्ष आने में समय लगेगा, और तब तक कोई भी निश्चित निष्कर्ष निकालना उचित नहीं है। एजेंसी ने यह दोहराया कि जिम्मेदारी से जुड़ी सभी बातें अंतिम रिपोर्ट में शामिल की जाएंगी।





