प्रताड़ना से टूटे युवक ने फांसी लगाकर दी जान, वीडियो और सुसाइड नोट में पुलिस व दबंगों पर लगाए गंभीर आरोप

मैहर। सतना जिले के मैहर क्षेत्र में प्रताड़ना से परेशान एक युवक ने आत्महत्या कर ली। अमरपाटन थाना क्षेत्र के ग्राम कटहा गाल निवासी अनंतराम पटेल ने साड़ी का फंदा बनाकर पहले वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के बाद पेड़ पर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

युवक ने चार पन्नों का सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें एक परिवार के सदस्यों और कुछ पुलिसकर्मियों पर मानसिक प्रताड़ना और अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सुसाइड नोट में अनंतराम पटेल ने लिखा है कि रामगोपाल कोल, उसकी बेटी रेशमा कोल, बहन सुधा कोल और परिवार के अन्य लोग लंबे समय से उसे झूठे आरोपों में फंसाने की धमकी देकर पैसों की मांग कर रहे थे। डर के चलते वह अब तक पांच लाख रुपये से अधिक की राशि दे चुका था।

नोट में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ पुलिसकर्मियों ने मामले से बचाने के नाम पर दो किस्तों में करीब तीन लाख रुपये की मांग की। भय के कारण उसने उन्हें भी पैसे दिए, लेकिन लगातार दबाव और आर्थिक तंगी के चलते वह पूरी तरह टूट गया। युवक ने लिखा कि अब उसके पास न तो पैसा बचा है और न ही कोई रास्ता।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मैहर पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों और कथित लेनदेन की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर प्रताड़ना, अवैध वसूली और पुलिस की भूमिका को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाके में लोगों में आक्रोश और शोक का माहौल बना हुआ है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई