डंकी रूट से अमेरिका जाने निकले गुजरात के युवक-युवती अजरबैजान में अगवा, फिरौती देकर छूटे

गुजरात के आनंद जिले के एक युवक और युवती को डंकी रूट के जरिए अमेरिका जाने की कोशिश के दौरान अजरबैजान की राजधानी बाकू में अगवा कर लिया गया। दोनों को बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया और फिरौती की मांग की गई। बाद में राजनयिक हस्तक्षेप के बाद उनकी रिहाई संभव हो सकी।
जानकारी के अनुसार, झखरिया गांव के 22 वर्षीय ध्रुव पटेल और कंथारिया की 32 वर्षीय दीपिका पटेल 30 जनवरी को भारत से अमेरिका जाने के लिए निकले थे। मुंबई के एक एजेंट ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि डंकी रूट के जरिए उन्हें अवैध तरीके से अमेरिका पहुंचाया जा सकता है। 1 फरवरी को दोनों बाकू पहुंचे, जहां पहुंचते ही अज्ञात लोगों ने उनका अपहरण कर लिया और उन्हें एक सुनसान स्थान पर कैद कर लिया।
परिजनों के अनुसार, अपहरणकर्ताओं ने वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क किया और ध्रुव को उनके परिवार के सामने पीटा। आरोपियों ने फिरौती की मांग करते हुए धमकी दी कि पैसे नहीं देने पर दोनों की किडनी निकालकर ब्लैक मार्केट में बेच दी जाएगी। परिवार ने आरोपियों को नकद और क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से करीब 65 लाख रुपये की रकम दी, लेकिन इसके बाद भी धमकियां जारी रहीं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद सांसद मितेश पटेल और भारतीय अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया। विदेश मंत्रालय ने बाकू स्थित भारतीय दूतावास के साथ समन्वय कर कार्रवाई की। लगातार प्रयासों के बाद दोनों को कैद से मुक्त कराया गया और सुरक्षित वापस लाया गया।
बताया जा रहा है कि डंकी रूट के जरिए विदेश जाने के नाम पर एजेंट लोगों को झांसा देकर खतरनाक परिस्थितियों में भेज देते हैं, जहां उन्हें मानव तस्करी और अपराध का शिकार होना पड़ता है। इस घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से अवैध तरीकों से विदेश जाने के बजाय वैध प्रक्रिया अपनाने की अपील की है।





