ट्रक से टक्कर के बाद स्लीपर बस में लगी आग, 9 लोगों की जिंदा जलकर मौत

दिल्ली। कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में कम से कम 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा नेशनल हाईवे-48 पर उस वक्त हुआ, जब बेंगलुरु से शिवमोग्गा जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस की आमने-सामने से एक ट्रक (लोरी) से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत आग लग गई और कई यात्री उसमें फंस गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार सुबह करीब 3 बजे हुआ। उस समय बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। बताया जा रहा है कि सामने से आ रहा ट्रक अचानक डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में आ गया और सीधे बस से टकरा गया। टक्कर के बाद बस में आग भड़क उठी, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हालांकि, कुछ लोग किसी तरह खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलने में सफल रहे। हादसे के वक्त बस में करीब 32 यात्री सवार थे। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रक चालक ने डिवाइडर क्यों पार किया।
इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।





