रीवा में मामूली टक्कर पर बढ़ा विवाद, 10 बदमाशों ने परिवार को पीटा, बेटियों को भी बाल पकड़कर घसीटा

मध्य प्रदेश के रीवा में स्टेच्यू चौराहे पर रविवार देर रात एक मामूली सड़क दुर्घटना ने गंभीर रूप ले लिया। गाड़ी और सामान लोड ऑटो के हल्के टकराव के बाद 8-10 युवकों ने शादी में आए एक परिवार पर हमला कर दिया। घटना के दौरान बदमाशों ने परिवार की दोनों बेटियों के बाल पकड़कर मारपीट की, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
नरसिंहपुर निवासी प्रदीप शर्मा अपने परिवार सहित रीवा के गड़रिया मोड़ के पास साले की शादी में आए थे। रात में आवश्यक सामान खरीदने के लिए वे बाजार की ओर निकले। उसी दौरान उनका सामान लोड ऑटो एक कार से हल्का-सा छू गया। मामूली टच को लेकर कार सवार युवकों ने विवाद शुरू किया और कुछ ही मिनटों में फोन करके अपने साथियों को बुला लिया। देखते ही देखते 8-10 युवक मौके पर पहुंच गए और पूरे परिवार पर हमला कर दिया।
पीड़ित प्रदीप शर्मा ने बताया कि हमलावरों ने उनकी बेटियों के बाल पकड़कर बेरहमी से पीटा। परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। पूरी घटना स्टेच्यू चौराहे पर हुई, जहां सरकारी सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इस कारण पूरी वारदात के रिकॉर्ड होने की संभावना है, जिसे पुलिस अब सबूत के रूप में जांच में शामिल कर रही है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावर युवकों की पहचान की जा रही है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस गश्त भी तेज कर दी गई है।





