जंगल में लगी भीषण आग, ग्रामीणों में दहशत

नैनीताल। अल्मोड़ा-हल्दवानी हाईवे पर स्थित छड़ा गांव के पास थुआ के जंगल में अचानक आग लग गई, जिससे हड़कंप मच गया। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग के कारण छड़ा और पैठानी गांव के लोग दहशत में हैं, क्योंकि आग की लपटें इन गांवों की ओर बढ़ सकती थीं।
रविवार शाम को जब आग जंगल की ओर फैलने लगी, तो ग्रामीणों ने अपनी जान और संपत्ति की सुरक्षा के लिए एहतियातन घरों के आसपास पानी का छिड़काव करना शुरू कर दिया। इसके अलावा, घास के लुट्टे भी हटा दिए गए ताकि आग गांव की ओर न बढ़े। हालांकि, जंगल की आग अब तक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले चुकी है, जिससे वन संपदा जलकर राख हो गई है। इसके साथ ही जंगली जानवरों को भी नुकसान होने का अंदेशा है।
वन विभाग की लापरवाही
आग की लपटें तेज हो रही थीं, लेकिन दिन ढलने के साथ ही जब जंगल धधकने लगा, तब भी वन विभाग के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग के दावे बड़े-बड़े हैं, लेकिन धरातल पर उनका काम बहुत कमजोर दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों ने खुद ही आग पर काबू पाने के लिए संघर्ष किया। ग्रामीण अब इस बात को लेकर चिंतित हैं कि अगर आग ने गांव की ओर रुख किया, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।





