तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल को मारी टक्कर, दंपती समेत तीन लोगों की मौत

विधानसभा-मांढर रोड पर गुरुवार रात करीब 9 बजे तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल सवार पति-पत्नी सड़क किनारे खेत में जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की भी जान चली गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार टेकारी निवासी भोजराम विश्वकर्मा (58) अपनी पत्नी प्यारी विश्वकर्मा (53) के साथ रिश्तेदार के घर से वापस लौट रहे थे। बरौंदा के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों पति-पत्नी साइकिल समेत खेत में जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में बाइक सवार मांढर निवासी शुभम यादव और उसका दोस्त लव कुमार भी घायल हो गए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने शुभम यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि लव कुमार का इलाज जारी है। पोस्टमार्टम के बाद तीनों मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस ने बताया कि बरौंदा से मांढर रोड तक सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं है, जिससे अंधेरा रहता है और हादसों का खतरा बढ़ जाता है। इस मार्ग पर पहले भी अंधेरे के कारण दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
राज्य में सड़क हादसों के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। वर्ष 2025 में 15 हजार 318 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 6 हजार 728 लोगों की मौत हुई और 13 हजार 135 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। इसके मुकाबले वर्ष 2024 में 14 हजार 857 हादसों में 6 हजार 945 लोगों की जान गई थी। आंकड़ों के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं में 3.10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।





