रायगढ़ में महिलाओं की सुरक्षा के लिए ‘हेलो सिस्टर’ टीम गठित, 24 घंटे सक्रिय रहेगा हेल्पलाइन नंबर

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिलाओं और बच्चियों से जुड़े अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने नई पहल की है। महिलाओं की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए जिले में ‘हेलो सिस्टर’ टीम का गठन किया गया है। इस टीम में महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है, जो 24 घंटे अलर्ट रहेंगी और सूचना मिलने पर तुरंत पीड़ित महिला तक सहायता पहुंचाएंगी।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस विशेष टीम के गठन की घोषणा की। महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह टीम बनाई गई है। टीम का नेतृत्व डीएसपी उन्नति ठाकुर करेंगी।
जिले के किसी भी क्षेत्र से पीड़ित महिला हेलो सिस्टर टीम के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेगी। कॉल मिलने के बाद टीम तुरंत पीड़ित महिला से संपर्क करेगी और आवश्यक मदद उपलब्ध कराएगी।
इस टीम में डीएसपी उन्नति ठाकुर के साथ महिला थाना प्रभारी, एएसआई, महिला हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल और पुरुष एसआई सहित करीब 12 से 14 पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। शहरी क्षेत्र में सूचना मिलने पर टीम तुरंत मौके पर पहुंचेगी, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में संबंधित थाना की मदद से पीड़ित महिला या बच्ची को सहायता दी जाएगी।
टीम के गठन के साथ ही हेल्पलाइन नंबर 94792 70533 जारी किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। महिलाओं और बच्चियों से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए महिला थाना के साथ अब हेलो सिस्टर टीम भी काम करेगी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चियों से जुड़े अपराधों को ध्यान में रखते हुए यह एक्सक्लूसिव हेलो सिस्टर टीम बनाई गई है। लोगों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत पुलिस सहायता मिल सके।





