तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से वन विभाग के चौकीदार की मौत, 50 मीटर तक घसीटता ले गया वाहन

तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मोपेड सवार वन विभाग के चौकीदार की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोपेड ट्रक के अगले पहियों में फंस गई और वाहन उसे करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए आगे ले गया। हादसे में चौकीदार का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान श्याम सिंह मसीयारे (53) के रूप में हुई है, जो वन विभाग में वॉचमैन के रूप में कार्यरत था। बताया गया कि वह जड़ी-बूटी लेने के लिए गया था और वापस लौटते समय कच्चे रास्ते से मुख्य सड़क पर आ रहा था। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उसकी मोपेड को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद मोपेड ट्रक के पहियों में फंस गई और ट्रक चालक वाहन को आगे बढ़ाता रहा, जिससे मोपेड और सवार को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए सड़क पर ले गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और व्यापारी सड़क पर उतर आए और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। लोगों ने लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की।
सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। मृतक को इलाके में आयुर्वेदिक जड़ी-बूटी से इलाज करने वाले वैद्य के रूप में भी जाना जाता था, जिनके पास दूर-दूर से लोग दवा लेने आते थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





