गणेश विसर्जन में डीजे पर नाचते-नाचते बेहोश हुआ बच्चा, मौत से मचा हंगामा

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में गणेश विसर्जन उत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शनिवार शाम राजपुर थाना क्षेत्र में डीजे की धुन पर नाचते-नाचते 15 वर्षीय नाबालिग प्रवीण गुप्ता अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। दोस्तों ने उसे संभाला और पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टर मौजूद नहीं थे। कुछ देर बाद पहुंचे डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में हंगामा
स्थानीय लोगों ने बताया कि जब प्रवीण को अस्पताल लाया गया तो वहां डॉक्टर नहीं मिले। स्टाफ ने परिजनों और ग्रामीणों से बदतमीजी भी की। करीब 20 मिनट बाद डॉक्टर पहुंचे और जांच के बाद मौत की पुष्टि की। इस पर परिजन और ग्रामीण भड़क गए। उन्होंने अस्पताल में हंगामा करते हुए डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया और तत्काल कार्रवाई की मांग की। स्थिति को संभालने एसडीएम देवेंद्र प्रधान और थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया।
हार्ट अटैक की आशंका
प्रवीण गुप्ता महुआ-पारा गांव का रहने वाला था और स्वामी आत्मानंद स्कूल में कक्षा 8वीं का छात्र था। पिता विकास गुप्ता ठेकेदारी करते हैं। परिजनों और दोस्तों के अनुसार, प्रवीण दिनभर गणेश पंडालों में व्यस्त रहा और शाम को डीजे पर नाचते समय अचानक गिर पड़ा। आशंका जताई जा रही है कि डीजे की तेज आवाज और थकान के कारण उसे हार्ट अटैक आया होगा। बता दें कि बलरामपुर जिले में डीजे पर कोई प्रतिबंध नहीं था, इसलिए तेज आवाज में डीजे बज रहा था। डॉक्टरों का कहना है कि मौत के असली कारण का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही चलेगा। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।





