7 अक्टूबर को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता मे बड़ी बैठक, नक्सल प्रभावित राज्यो के मुख्यमंत्री गृह मंत्री होंगे शामिल

रायपुर। नक्सलवाद के खात्मे और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति तेज करने को लेकर 7 अक्टूबर को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और गृह मंत्रियों की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इस बैठक में राज्य में चल रहे नक्सल ऑपरेशन और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देंगे।

बैठक में शामिल होने के लिए मुख्‍यमंत्री विष्‍णुदेव साय 6 तारीख की शाम को दिल्‍ली जाएंगे। मुख्यमंत्री साय ने बैठक से पहले कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार नक्सल प्रभावित इलाकों में न केवल सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, बल्कि इन इलाकों में विकास कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य नक्सलियों के आतंक को समाप्त कर इन क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

हाल ही में नारायणपुर-दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती इलाके में हुए बड़े नक्सल ऑपरेशन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा, “आज हमारी सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। सर्च ऑपरेशन में अब तक 28 नक्सलियों के मारे जाने की जानकारी मिली है। यह छत्तीसगढ़ में अब तक का सबसे बड़ा नक्सल ऑपरेशन है। इसके लिए मैं अपने बहादुर जवानों को बधाई देता हूं और उनके अदम्य साहस को नमन करता हूं।”

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button