उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का कहर: मनाली में बर्फ में फंसे पर्यटक, राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश के आसार

दिल्ली। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। पहाड़ी राज्यों में जारी बर्फबारी के कारण पर्यटकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हिमाचल प्रदेश के मनाली में सोमवार को भी हालात सामान्य नहीं हो सके और करीब पांच किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा। कड़ाके की ठंड के बीच जाम में फंसे पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मनाली में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हुए हैं। जानकारी के अनुसार, पर्यटकों को लेकर 40 से अधिक लग्जरी बसें मनाली पहुंचीं, लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ने के कारण इन बसों को मनाली से करीब 16 किलोमीटर पहले पतलीकूहल में ही रोक दिया गया। घर लौट रहे पर्यटकों की संख्या अधिक होने से सुबह के समय जाम और लंबा हो गया। कई पर्यटक अपने सामान के साथ बर्फीली सड़कों पर पैदल चलते नजर आए।

उधर, उत्तराखंड के मसूरी और नैनीताल से लौटते समय भी पर्यटकों को कई स्थानों पर जाम का सामना करना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक नेशनल हाईवे-3 को सोलांग नाला तक साफ कर दिया गया है, लेकिन फिलहाल सिर्फ हल्के वाहनों को ही आवाजाही की अनुमति है। बस सेवाएं बाधित हैं और हालात सामान्य होने में समय लग सकता है।

मौसम विभाग ने 27 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके चलते पतलीकूहल-मनाली और मणिकरण-भुंतर सड़कें फिर बंद हो सकती हैं। हिमाचल पुलिस ने पर्यटकों को मौसम में सुधार होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने और नदियों-झरनों के पास न जाने की सलाह दी है।

मैदानी इलाकों में भी ठंड का असर बना हुआ है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आयानगर में यह 3.6 डिग्री रहा। हरियाणा के हिसार में तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

इस बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान के कुछ हिस्सों में 27 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग में मौसम बदल सकता है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई