अगले दो दिनों तक गिरेगा पारा, बढ़ेगी ठंड; कई इलाकों में सुबह धुंध छाने की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दो दिनों में प्रदेशवासियों को फिर से ठंड का एहसास होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे ठंड में कुछ नरमी आएगी।

मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री ज्यादा है। सुबह 8.30 बजे आर्द्रता 68 प्रतिशत और शाम 5.30 बजे 46 प्रतिशत दर्ज की गई। दिनभर वर्षा नहीं हुई।

प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 32.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर और जगदलपुर में 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बिलासपुर में अधिकतम 30 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं पेण्ड्रारोड में अधिकतम 28.2 और न्यूनतम 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने बताया कि मध्य और ऊपरी क्षोभमंडल में पछुआ हवाओं के रूप में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर भारत पर उपोष्णकटिबंधीय पछुआ जेट स्ट्रीम का प्रभाव बना हुआ है, जिसकी तेज हवाएं ऊपरी वायुमंडल में चल रही हैं। इसी कारण रात के तापमान में गिरावट देखी जा रही है।

बुधवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है और किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। रायपुर शहर में सुबह के समय हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। ठंड में हल्की नरमी के बावजूद सुबह और शाम ठंड का असर बना रहेगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button