Superbike Seized: 25 लाख की सुपरबाइक-जप्त
बिलासपुर में रफ़्तार और शोर का शौक पड़ा महंगा,

बिलासपुर न्यायधानी में इन दिनों मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस का कड़ा अभियान जारी है, जिसके तहत आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस ने करीब 25 लाख रुपये कीमत वाली एक ‘यामाहा निंजा’ सुपरबाइक को रोककर उसे जप्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि इस बाइक में नियमों को ताक पर रखकर लगभग 1 लाख रुपये की कीमत वाला मॉडिफाइड साइलेंसर लगाया गया था, जो सड़कों पर कानफोड़ू शोर उत्पन्न कर रहा था। ट्रैफिक पुलिस की इस मुस्तैदी ने शहर के स्टंटबाजों और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा दिया है। गौरतलब है कि पुलिस प्रशासन मॉडिफाइड साइलेंसर के प्रति बेहद सख्त रुख अपनाए हुए है और महज दो दिन पहले ही अभियान के दौरान पकड़े गए सैकड़ों अवैध साइलेंसरों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें नष्ट किया गया था। इसी कड़ी में आज की यह कार्रवाई मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत की गई है, जिसमें पुलिस ने न केवल भारी जुर्माना आरोपित किया है बल्कि बाइक को जप्त कर मामला न्यायालय में पेश कर दिया है…..





