जेल की लापरवाही से फरार हुए तीन कैदी, परिजनों ने खुद पकड़कर वापस जेल पहुंचाया

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में जेल प्रशासन की गंभीर लापरवाही सामने आई है। जिला जेल से पाक्सो एक्ट के तीन विचाराधीन कैदी करीब 20 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान जेल में तैनात सुरक्षा कर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। बाद में परिजनों ने ही तीनों कैदियों को समझाइश देकर पकड़ लिया और जेल प्रशासन के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार तीनों कैदी जिला जेल में बंद थे और बुधवार शाम मौका देखकर एक-दूसरे का सहारा लेते हुए जेल की ऊंची दीवार पार कर सुरक्षा घेरे से बाहर निकल गए। फरार होने वालों में दो कैदी लखनवाड़ा थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि एक कैदी महाराष्ट्र के गोंदिया जिले का बताया जा रहा है। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

फरार कैदियों की पहचान अंकित पुत्र श्रीवाल, विशाल पुत्र ब्रह्मानंद और विशाल पुत्र चिंदीलाल के रूप में हुई है। बताया गया है कि शाम करीब छह बजे तीनों जेल से भाग निकले। पूरी घटना जेल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

कैदियों की गिनती के दौरान उनके न मिलने पर जेल प्रशासन को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद तत्काल उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया और थाने में मामला दर्ज कराया गया। इसके बाद प्रशासन ने परिजनों से संपर्क किया और उन्हें स्थिति से अवगत कराया।

परिजनों ने जिम्मेदारी दिखाते हुए तीनों आरोपितों को खोज निकाला और गुरुवार सुबह उन्हें वापस जेल पहुंचा दिया। इसके बाद कैदियों को दोबारा जेल में दाखिल किया गया। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम ने सिवनी जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।

सूत्रों के अनुसार जेल प्रशासन इस मामले में लापरवाह कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर रहा है और उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। वहीं पुलिस भी पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई