बिलासपुर में शिक्षा विभाग में हलचल, एक साथ सात संकुल समन्वयकों का इस्तीफा

बिलासपुर में शिक्षा विभाग उस समय चर्चा में आ गया, जब शहरी क्षेत्र के सात संकुल समन्वयकों ने एक साथ अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सभी समन्वयकों ने निजी, पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए समग्र शिक्षा विभाग को अपना त्यागपत्र सौंपा है।
एक साथ सात इस्तीफों के बाद विभागीय गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इस्तीफा देने वालों में मनोज सिंह, विकास साहू, योगेंद्र वर्मा, शेषमणी कुशवाहा, आशिष वर्मा, प्रभात कुमार मिश्रा और श्रीकांत भगत शामिल हैं। सभी ने लगभग एक जैसी वजहें बताई हैं, जिनमें गिरता स्वास्थ्य, पारिवारिक जिम्मेदारियां और व्यक्तिगत परेशानियां प्रमुख हैं।
समन्वयकों का कहना है कि वे प्रशासनिक कामों के दबाव के बजाय अपने मूल शिक्षकीय दायित्वों पर ध्यान देना चाहते हैं, ताकि छात्रों को बेहतर समय और मार्गदर्शन दे सकें।
फिलहाल शिक्षा विभाग ने किसी भी इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया है। नियमों के अनुसार सभी आवेदनों को होल्ड पर रखा गया है और समन्वयकों से बातचीत की जा रही है, ताकि शैक्षणिक सत्र के अहम समय में संकुल केंद्रों की व्यवस्थाएं प्रभावित न हों।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सभी आवेदनों की समीक्षा के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा। अब यह देखना होगा कि विभाग इन समन्वयकों को मनाने में सफल होता है या फिर शिक्षा व्यवस्था को नए समन्वयकों की तलाश करनी पड़ेगी।





