चलती बस पर रील बनाने का खतरनाक स्टंट, युवक की जान जाते-जाते बची

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में सोशल मीडिया पर रील बनाने की सनक एक बड़े हादसे का कारण बनते-बनते रह गई। प्राणनाथ बस स्टैंड पर एक युवक ने चलती यात्री बस की छत पर चढ़कर डांस किया और फिर अचानक नीचे कूद गया। इस घटना से बस के अंदर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार सिल्वर बस सर्विस की बस रफ्तार में थी। इसी दौरान युवक बस की छत पर चढ़कर गाना बजाते हुए रील बना रहा था। स्टंट के दौरान उसने अचानक चलती बस से छलांग लगा दी। गनीमत रही कि वह बस के पहियों के नीचे नहीं आया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के वक्त बस में मौजूद यात्री यह दृश्य देखकर सन्न रह गए। वहीं बस स्टैंड पर खड़े लोग भी युवक को रोकने के बजाय तमाशबीन बने रहे। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पन्ना बस स्टैंड पर रील बनाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वायरल होने की होड़ में युवक यातायात नियमों और अपनी सुरक्षा की अनदेखी कर रहे हैं। घटना के बाद प्रशासन की सतर्कता और ऐसे खतरनाक स्टंट करने वालों पर कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।





