राष्ट्रीय आविष्कार अभियान: महासमुंद के छात्र शैक्षणिक भ्रमण पर ओडिशा रवाना

महासमुंद। विद्यार्थियों के शैक्षणिक और बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत अंतर्राज्यीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इसके तहत महासमुंद जिले के पीएमश्री स्कूल समेत अन्य विद्यालयों के 24 छात्र और 9 शिक्षक ओडिशा के शैक्षणिक दौरे पर रवाना हुए हैं।
बसना में छात्रों के पहुंचने पर महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी ने उन्हें शैक्षणिक सामग्री देकर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर सांसद ने छात्रों को ट्रैकशूट, एक्सपोजर विजिट फ्लैप और फोल्डर भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों को किताबों से आगे बढ़कर नई जगहों, नई संस्कृति और नई तकनीकों को समझने का मौका मिलता है।
सांसद ने कहा कि एक्सपोजर विजिट के जरिए विद्यार्थी देश की एकता और विविधता को करीब से महसूस करते हैं। उन्होंने छात्रों और शिक्षकों से यात्रा के दौरान अपने अनुभवों को लिखने और सीखने की बात कही तथा सभी को सुरक्षित और सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरें और जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा ने बताया कि इस भ्रमण के दौरान छात्रों को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित आईआईटी भुवनेश्वर, साइंस सेंटर, जूलॉजिकल पार्क और राज्य की सांस्कृतिक व ऐतिहासिक धरोहरों का भ्रमण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना, नवाचार के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करना है। शिक्षा विभाग, शिक्षकों और अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उनके भविष्य को नई दिशा देते हैं।





