घने कोहरे में NH-30 पर दो ट्रकों की भीषण टक्कर, घंटों लगा लंबा जाम

बालोद (छत्तीसगढ़): नेशनल हाईवे-30 पर शुक्रवार तड़के घने कोहरे के कारण बड़ा सड़क हादसा हो गया। पुरूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बालोदगहन के पास दो भारी ट्रक आपस में टकरा गए, जिससे हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
हादसा सुबह करीब चार बजे हुआ। कोहरे की वजह से दृश्यता बेहद कम थी, इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे दोनों ट्रक आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटाने का काम किया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल हुआ।
इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन घंटों तक जाम लगे रहने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने वाहन चालकों से कोहरे के मौसम में सतर्कता बरतने की अपील की है।





