बलौदाबाजार-भाटापारा में ‘जी राम जी’ योजना से ग्रामीणों को रोजगार की नई उम्मीद

बलौदाबाजार-भाटापारा।शासन की महत्वाकांक्षी योजना ‘विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन–ग्रामीण (जी राम जी)’ से जिले के ग्रामीण इलाकों में रोजगार और विकास की नई उम्मीद जगी है। इस योजना को मनरेगा के उन्नत और आधुनिक रूप के तौर पर लागू किया गया है, जिसका उद्देश्य गांवों में रोजगार बढ़ाना और लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।

इस योजना के तहत अब ग्रामीणों को साल में 100 दिनों की जगह 125 दिनों का रोजगार मिलेगा। सबसे बड़ी राहत यह है कि मजदूरी का भुगतान अब एक सप्ताह के भीतर खाते में पहुंच जाएगा। इससे मजदूरों को समय पर पैसा मिलेगा और उनकी रोजमर्रा की जरूरतें आसानी से पूरी हो सकेंगी।

ग्राम कोसमंदा के रामपुर निवासी प्रमिला कन्नौजे ने बताया कि योजना से उन्हें काफी लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि अगर काम मांगने के बाद भी शासन रोजगार नहीं दे पाता है, तो भत्ता मिलने का प्रावधान ग्रामीणों के लिए सुरक्षा की तरह है।

खेती-किसानी के लिहाज से भी यह योजना काफी फायदेमंद साबित होगी। ग्रामीण सीताराम ने बताया कि डबरी निर्माण, तालाबों की मरम्मत और नहर-नालियों के निर्माण से गांवों में जलस्तर सुधरेगा, जिससे खेती को सीधा लाभ मिलेगा।

योजना की एक खास बात यह भी है कि धान की खेती के पीक सीजन में 60 दिनों तक सरकारी कार्य बंद रखे जाएंगे। इससे किसानों को खेतों में मजदूरों की कमी नहीं होगी और खेती का काम समय पर पूरा हो सकेगा।

कोसमंदा सहित आसपास के गांवों में इस योजना को लेकर काफी उत्साह है। ग्रामीणों का मानना है कि ‘जी राम जी’ योजना गांवों को आत्मनिर्भर बनाने और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button