भोपाल में एसआईआर के तहत नो मैपिंग मतदाताओं पर कार्रवाई तेज, 1.15 लाख से अधिक नोटिस जारी

भोपाल जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दूसरे चरण में नो मैपिंग श्रेणी के मतदाताओं को चिह्नित कर नोटिस जारी करने का कार्य तेज कर दिया गया है। अब तक एक लाख 15 हजार 820 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जबकि करीब एक हजार नोटिस अभी शेष हैं। इसके साथ ही एक हजार 452 मतदाताओं के दस्तावेज भी अपलोड किए जा चुके हैं।
यह प्रक्रिया जिले की सात विधानसभा क्षेत्रों बैरसिया, उत्तर, नरेला, दक्षिण-पश्चिम, मध्य, गोविंदपुरा और हुजूर में चल रही है। इन क्षेत्रों में कुल एक लाख 16 हजार 925 मतदाता नो मैपिंग श्रेणी में हैं, जिनका वर्ष 2003 से संबंधित कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिला है। ऐसे मतदाताओं और उनके परिजनों को नोटिस देकर सुनवाई का अवसर दिया जा रहा है।
बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर नोटिस वितरित किए जा रहे हैं और साथ ही मतदाताओं को सुनवाई की तारीख की जानकारी भी दी जा रही है। पांच जनवरी से सुनवाई की प्रक्रिया शुरू होगी। जिन मतदाताओं के रिकॉर्ड उपलब्ध हो रहे हैं, उनके दस्तावेज मौके पर ही अपलोड किए जा रहे हैं।
एसआईआर के दौरान नाम जोड़ने और संशोधन के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन सामने आए हैं। सात विधानसभा क्षेत्रों में करीब 30 हजार फार्म प्राप्त हुए हैं। इनमें 14 हजार 201 फार्म छह के माध्यम से नए नाम जोड़ने के लिए और 16 हजार चार फार्म आठ के जरिए संशोधन, स्थानांतरण और अन्य आपत्तियों के लिए जमा किए गए हैं। इन सभी मामलों की सुनवाई पंजीकरण अधिकारी के समक्ष की जाएगी।
प्रशासन का उद्देश्य है कि सत्यापन प्रक्रिया के दौरान कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। इसके लिए समय सीमा में पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से दावा-आपत्ति का निपटारा करने के निर्देश दिए गए हैं।





