ग्वालियर में नववर्ष जश्न पर सख्ती, सड़क पर केक काटा या हुड़दंग किया तो होगी सीधी गिरफ्तारी

नववर्ष 2026 के स्वागत को लेकर ग्वालियर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर केक काटने, हुड़दंग मचाने, स्टंट करने या नशे में वाहन चलाने वालों को सीधे थाने भेजा जाएगा।

शहर के होटल, रिसॉर्ट, रेस्टोरेंट और क्लबों में होने वाले आयोजनों को देखते हुए 35 प्रमुख चौराहों पर ब्रीथ एनालाइजर से जांच शुरू कर दी गई है। शाम पांच बजे से देर रात तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा और पुलिस लगातार पेट्रोलिंग करेगी।

पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद फोर्स को फील्ड में तैनात किया है। महिला पुलिस अधिकारियों की अलग टीम को होटल, रेस्टोरेंट और पब की निगरानी के लिए भेजा गया है। ट्रैफिक पुलिस और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में शराब पीकर वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट और काली फिल्म लगे वाहनों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान 25 वाहन चालकों के चालान काटकर जुर्माना वसूला गया।

पुलिस कंट्रोल रूम के आसपास स्थित पब और रेस्टोरेंट वाले इलाके को संवेदनशील माना गया है, जहां हर साल विवाद की स्थिति बनती रही है। इस क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जा रही है।

शहर की सुरक्षा के लिए 31 दिसंबर की शाम से पूरी रात तक करीब 1500 पुलिस जवान तैनात रहेंगे। नशे में हंगामा करने वालों को मौके से गिरफ्तार किया जाएगा। सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होगी।

नववर्ष पर शराब परोसने और सेवन की अनुमति के लिए आबकारी विभाग को 25 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आबकारी टीम ने रेस्टोरेंट और कैफे संचालकों को बिना अनुमति शराब परोसने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

पुलिस की निगरानी सड़क पर केक काटने वालों, समूह में हुड़दंग करने वालों, तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों, स्टंट करने वालों, सनरूफ या गेट से बाहर निकलकर करतब दिखाने वालों और खुले में शराब पीने वालों पर रहेगी।

चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस ने एक दोपहिया वाहन चालक से बैग में रखी 250 क्वार्टर शराब भी जब्त की है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नववर्ष का जश्न कानून के दायरे में रहकर मनाएं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति न बने।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई