नववर्ष 2026 पर धर्मधानी उज्जैन में भव्य धार्मिक तैयारियां, महाकाल मंदिर 11 हजार डमरू और पांच लाख रुद्राक्ष से सजेगा

नववर्ष 2026 के स्वागत को लेकर धर्मधानी उज्जैन में धार्मिक उल्लास दिखाई देगा। अंग्रेजी नए साल की शुरुआत सनातन परंपराओं के अनुरूप देव दर्शन से होगी। श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर सहित प्रमुख मंदिरों में विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

महाकाल मंदिर परिसर और श्री महाकाल महालोक को 11 हजार डमरू और करीब पांच लाख रुद्राक्ष से सजाया जाएगा। गर्भगृह और नंदी मंडपम में फूलों से आकर्षक श्रृंगार होगा। श्रद्धालुओं के लिए विशेष प्रवेश व्यवस्था बनाई गई है। चारधाम मंदिर के सामने से शक्तिपथ होते हुए त्रिवेणी संग्रहालय द्वार से दर्शन कराए जाएंगे। भक्तों के स्वागत के लिए रेड कारपेट बिछाया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जूता स्टैंड, पेयजल, लड्डू प्रसाद काउंटर और खोया-पाया केंद्र सहित अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। काल भैरव मंदिर में सामान्य और प्रोटोकॉल दर्शनार्थियों के लिए अलग-अलग प्रवेश मार्ग रहेंगे। मंगलनाथ और अंगारेश्वर मंदिर में भात पूजा और सामान्य दर्शन की समानांतर व्यवस्था रहेगी, जिसमें भात पूजा करने वाले भक्तों को गर्भगृह में प्रवेश मिलेगा।

चिंतामन गणेश मंदिर में तड़के खुलेंगे पट

नववर्ष के अवसर पर चिंतामन गणेश मंदिर में 31 दिसंबर और 1 जनवरी को विशेष व्यवस्थाएं रहेंगी। मंदिर के पट तड़के 4.30 बजे खुलेंगे। इसके बाद भगवान का चोला श्रृंगार किया जाएगा। सुबह 6 बजे से रात 9.30 बजे तक लगातार दर्शन होंगे। निर्बाध दर्शन के लिए मंदिर परिसर के बाहर शेड और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है।

गढ़कालिका माता को लगेगा छप्पन भोग

गढ़कालिका माता मंदिर में नववर्ष पर माता को छप्पन पकवानों का महाभोग अर्पित किया जाएगा। मंदिर को फूलों से सजाया जाएगा और संध्या आरती के बाद महाभोग भक्तों में प्रसाद के रूप में वितरित किया जाएगा।

पर्वत स्वरूप में सजेगी चामुंडा माता

शहर के मध्य स्थित छत्रेश्वरी चामुंडा माता मंदिर में विशेष सजावट की जा रही है। यहां माता को हिमालय पर्वत पर विराजमान स्वरूप में दर्शाया जाएगा। पूरे दिन भक्तों को महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।

नववर्ष के अवसर पर उज्जैन के सभी प्रमुख मंदिरों में भक्तों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यापक प्रबंध किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु शांति और श्रद्धा के साथ नए साल की शुरुआत कर सकें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई