झीरम घाटी हत्याकांड पर सियासत तेज, जेपी नड्डा के बयान पर कांग्रेस का पलटवार

जगदलपुर। झीरम घाटी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर छत्तीसगढ़ की राजनीति गरमा गई है। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के हालिया बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस ने इस बयान पर सवाल उठाते हुए भाजपा पर पलटवार किया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने जेपी नड्डा के बयान को गंभीर बताया और कहा कि यदि भाजपा नेताओं के पास झीरम कांड से जुड़े कोई ठोस सबूत हैं, तो उनकी निष्पक्ष और गंभीर जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सच्चाई सामने लाने के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह का नार्को टेस्ट कराया जाए।

दीपक बैज ने यह भी कहा कि वर्ष 2013 में जब झीरम घाटी की घटना हुई थी, उस समय जेपी नड्डा छत्तीसगढ़ में भाजपा के प्रदेश प्रभारी थे। ऐसे में अगर वे आज इस मामले में कोई दावा कर रहे हैं, तो उनके पास इससे जुड़े प्रमाण जरूर होने चाहिए।

उन्होंने साफ कहा कि झीरम घाटी हत्याकांड जैसे गंभीर और संवेदनशील मामले में केवल राजनीतिक बयानबाजी से काम नहीं चलेगा, बल्कि सच्चाई सामने लाने के लिए तथ्यात्मक और निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button