बीईओ कार्यालय से 100 से ज्यादा सर्विस बुक गायब, शिक्षा विभाग की लापरवाही उजागर

बिल्हा।शिक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाला एक गंभीर मामला बिल्हा विकासखंड से सामने आया है। यहां बीईओ (खंड शिक्षा अधिकारी) कार्यालय से 100 से अधिक शिक्षकों और कर्मचारियों की सर्विस बुक गायब होने का खुलासा हुआ है। इस खबर के सामने आते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विभाग के कुछ लिपिकों द्वारा सर्विस बुक में गड़बड़ी किए जाने की आशंका जताई जा रही है। आरोप है कि कई सर्विस बुक कार्यालय से निकालकर घर ले जाई गई थीं। शिकायत मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 6 सदस्यीय जांच समिति का गठन कर दिया है। फिलहाल बीईओ कार्यालय में दर्ज 1872 कर्मचारियों की सर्विस बुक का सत्यापन किया जाएगा।
बताया जाता है कि सहायक शिक्षक पंचायत, शिक्षक पंचायत और व्याख्याता पंचायत की सर्विस बुक बीईओ कार्यालय में ही रखी जाती है। इन सर्विस बुक में नियुक्ति से लेकर नियमितीकरण, वेतन वृद्धि, पदोन्नति, स्थानांतरण, प्रतिनियुक्ति और अवकाश से जुड़ी सभी अहम जानकारियां दर्ज होती हैं। ऐसे में सर्विस बुक किसी भी कर्मचारी के लिए बेहद महत्वपूर्ण दस्तावेज मानी जाती है।
संविलियन के बाद बड़ी संख्या में शिक्षाकर्मी शिक्षक और व्याख्याता बने हैं, लेकिन लंबे समय से उनकी सर्विस बुक अपडेट नहीं हो पाई है। पंचायत और नगरीय निकाय शिक्षक संघ लगातार सर्विस बुक को दुरुस्त करने की मांग कर रहा था। इसी प्रक्रिया के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि 100 से ज्यादा सर्विस बुक ही गायब हैं।
इस मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय टंडन ने कहा कि समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई होगी। गौरतलब है कि इससे पहले कोटा ब्लॉक में भी शिक्षकों की सर्विस बुक कबाड़ में फेंके जाने का मामला सामने आ चुका है, जिसमें जांच के बाद दो लिपिकों को निलंबित किया गया था।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतने अहम दस्तावेजों की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है। फिलहाल सभी की नजरें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस गंभीर लापरवाही की असल वजह सामने आ सकेगी।





