उमरिया में देर रात भीषण सड़क हादसा, कार सवार तीन दोस्तों की मौत, दो गंभीर घायल

उमरिया जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें कार सवार पांच दोस्तों में से तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक आपस में मित्र बताए जा रहे हैं और एक ही वाहन में सवार थे।
यह हादसा ताला मार्ग पर आधी रात के बाद हुआ। दुर्घटना में एक युवक की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि चार अन्य घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान दो और युवकों ने दम तोड़ दिया। शेष दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसा ग्राम खैरा के पास ताला मार्ग पर होना बताया जा रहा है। वाहन में बड़ेरी और नौरोजाबाद क्षेत्र के युवक सवार थे, जो सभी आपस में दोस्त थे।
घटना की सूचना मिलते ही देर रात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मरचुरी में रखा गया है। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।





