भोपाल में विशेष पुनरीक्षण अभियान, दो दिन में 2.07 लाख मतदाताओं का घर-घर सत्यापन

भोपाल जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत सोमवार और मंगलवार को 2 लाख 7 हजार 378 मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। ये वे मतदाता हैं, जिनके गणना पत्रक अनकलेक्टेबल श्रेणी में रखे गए हैं। सत्यापन के लिए 6 विधानसभा क्षेत्रों के 554 मतदान केंद्रों पर 500 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी घर-घर जाकर जांच करेंगे।

मध्य विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र क्रमांक 150 पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वयं 92 अनकलेक्टेबल गणना पत्रकों की जांच करेंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि संबंधित मतदाता वर्तमान पते पर मौजूद हैं या नहीं।

निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में उन गणना पत्रकों की सघन जांच की जा रही है, जो गणना चरण के दौरान अनकलेक्टेबल पाए गए थे। इसके लिए 15 और 16 दिसंबर को विशेष सत्यापन प्रक्रिया निर्धारित की गई है।

सत्यापन कार्य में वरिष्ठ अधिकारी भी सीधे शामिल होंगे। नरेला विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र में नगर निगम आयुक्त द्वारा जांच की जाएगी, जबकि गोविंदपुरा क्षेत्र में जिला पंचायत सीईओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगी। इसके अलावा अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष पुनरीक्षण के तहत जिले की सात विधानसभा क्षेत्रों में 21 लाख से अधिक गणना पत्रक जमा किए जा चुके हैं। इनमें बड़ी संख्या में अनकलेक्टेबल गणना पत्रक सामने आए हैं। इन पत्रकों का सत्यापन इसलिए जरूरी है ताकि पात्र और वर्तमान में मौजूद मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से न हटे।

अनकलेक्टेबल गणना पत्रकों को एएसडीआर श्रेणी में रखा गया है, जिसमें अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा एक से अधिक स्थानों पर नाम दर्ज मतदाता शामिल हैं। इस अभियान के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई