भोपाल में 22 किलोमीटर तक पीछा कर युवक पर फायरिंग, घायल दानिश अली को होश आया

भोपाल के ईटखेड़ी इलाके में जानलेवा हमले का शिकार हुए दानिश अली को होश आ गया है। होश में आने के बाद दानिश ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। उसने बताया कि वह शुक्रवार देर रात पत्नी के साथ स्कॉर्पियो से दोस्त के रिसेप्शन में शामिल होकर लौट रहा था। रास्ते में ईटखेड़ी कलारी के पास कार रोकने के दौरान बाइक सवार युवकों ने उस पर हमला कर दिया।

दानिश के अनुसार, पहले दो युवक बाइक से उसके पास आए, जिससे उसे संदेह हुआ और वह तुरंत कार में बैठ गया। इसी दौरान सामने से दो अन्य बाइकों पर आए करीब आधा दर्जन युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने उसे कार से घसीटकर बाहर निकाला और तीन से अधिक राउंड फायर किए, जिसमें दो गोलियां उसे लगीं। इसके बाद चाकू से भी कई वार किए गए।

हमले के दौरान दानिश की पत्नी मदद के लिए चिल्लाती रही, लेकिन दहशत के कारण कोई राहगीर आगे नहीं आया। इस बीच आरोपियों ने उसकी पत्नी के हाथ पर भी चाकू से हमला किया। जाते समय बदमाशों ने धमकी देते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही कहा था कि गोली मारेंगे और आज मार दी।

दानिश ने बताया कि आरोपियों से उसकी पुरानी रंजिश है। स्टेशन इलाके में रहने वाले रूसी से पहले भी विवाद हो चुका है और उसी के साथियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में शाहबेज और फरदीन को हिरासत में ले लिया है, जबकि शन्नू और जुबैर सहित अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं।

पीड़ित के मुताबिक आरोपी करीब 22 किलोमीटर तक उसका पीछा करते रहे और कार्यक्रम से निकलते ही मौका देखकर हमला किया। शनिवार को सर्जरी के दौरान दानिश के पैर में फंसी गोली निकाल दी गई। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत में सुधार हो रहा है, हालांकि उसे अभी निगरानी में रखा गया है। उसके हाथ और पैर पर चाकू से किए गए एक दर्जन से ज्यादा वार हैं, जिन पर करीब 42 टांके लगाए गए हैं।

इधर, इस मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे रूसी की ओर से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने घटना के समय खुद को दिल्ली में होने का दावा किया है। उसने कहा कि दानिश के परिवार से उसका पुराना पारिवारिक विवाद जरूर है, लेकिन इस हमले से उसका कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस वीडियो की भी जांच कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई