रिलायंस स्मार्ट स्टोर में हाई-वेल्यू चोरी का खुलासा, स्टाफ प्रकाश मनहर गिरफ्तार

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रिलायंस स्मार्ट 36 मॉल स्टोर में पिछले कई महीनों से हो रही कीमती सामान की चोरी का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने स्टोर के ही कर्मचारी प्रकाश मनहर को चोरी करते हुए पकड़ लिया।
स्टोर मैनेजर धर्मेंद्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। 9 दिसंबर 2025 की फुटेज में सुबह 7:54 बजे प्रकाश मनहर ड्राई-फूड और अन्य महंगे सामान को कार्टन में भरकर बिना बिल के बाहर ले जाता हुआ साफ दिखाई दिया। अन्य कर्मचारियों और दुकानदारों ने भी उसे कई बार संदिग्ध परिस्थितियों में सामान ले जाते हुए देखा था।
जांच में सामने आया कि पिछले 5–6 महीनों में वैसलीन, शैंपू, काजू, घी, क्रीम, कॉस्मेटिक प्रोडक्ट, ड्राई फूड, रेड लेबल चाय, अगरबत्ती, टेडी बियर, टोकरी, कॉपर बॉटल, ट्रिमर और अन्य महंगे आइटम चोरी किए गए। चोरी का कुल मूल्य करीब 1 लाख 50 हजार रुपए बताया गया है।
पुलिस ने आरोपी के घर से लाखों रुपए का चोरी किया सामान भी बरामद किया है। धारा 303(2)-BNS के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस चोरी में अन्य कर्मचारी भी शामिल थे।
इस गिरफ्तारी के बाद स्टोर प्रबंधन और पुलिस दोनों ही आगे की कार्रवाई में जुट गए हैं।





